जेल में भिड़े कैदी, एक की मौत
हल्द्वानी। हल्द्वानी जेल में दो कैदी आपस में भिड़ गए , इसमे एक एक कैदी की मौत हो गई। कैदियों के बीच संघर्ष की खबर के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। जेल प्रशासन ने एक कैदी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार रविवार रात को जेल की बैरिक नम्बर दो में कुछ कैदी टीवी देख रहे थे। इसी दौरान छेड़खानी के आरोपी कैदी हल्द्वानी के दमुआढूंगा निवासी आलोक नेगी और डकैती का अभियुक्त बाजपुर निवासी सानू के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। मामला इतना बढ़ा की कैदी आलोक नेगी ने कैदी सानू पर ताबड़तोड़ घूसे जड़ दिए , जिसके बाद कैदी सानू बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना की जानकारी कैदियों ने तुरंत जेल प्रशासन को दी। जेल प्रशासन ने तत्काल कैदी को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद जेल प्रशासन ने कैदी आलोक नेगी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।