कांग्रेस के लिए उमड़े ‘सैलाब’ से भाजपा के ‘माथे पर बल’

जनमंच टुडे/ खटीमा।

प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृहक्षेत्र खटीमा में  कांग्रेस ने भव्य रोड शो का आयोजन कर भाजपा की पेशानी पर बल डाल दिया है। धामी के विधानसभा क्षेत्र में हुए कांग्रेस के कार्यक्रम में उमड़े जनसैलाब से कांग्रेस में भारी उत्साह है। कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार कांग्रेस दिग्गजों की टीम के साथ खटीमा पहुंचे भुवन कापड़ी का कांग्रेस कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया।

नेता-प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह पंवार के कुमाऊं दौरे के दूसरे दिन भुवन कापड़ी, कांग्रेस प्रदेश कमेटी के कोषाध्यक्ष आरेंद्र शर्मा, विधायक जसपुर आदेश चौहान, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रणजीत सिंह रावत, प्रो. जीतराम, उपनेता प्रतिपक्ष करण मेहरा, आईटी सेल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शिल्पी अरोड़ा, सुमित ह्रदयेश जैसे नेताओं का काफिला रुद्रपुर जिला मुख्यालय से किच्छा, सितारगंज नानकमत्ता स्वागत कार्यक्रम में शामिल होते हुए खटीमा के टोल प्लाजा पहुंचा। जहां सैकड़ों की संख्या में एकत्र कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका माल्यार्पण कर ढोल नगाड़ों व आतिशबाजी कर भव्य स्वागत किया।

जिसके बाद तमाम आला कांग्रेसी नेता स्वागत रथ में सवार होकर टोल प्लाजा पेहनिया से जुलूस के रूप में खटीमा पहुँचे। खटीमा के युवा नेता के कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद खटीमा में उनका व अन्य नेताओं का रास्ते भर में जगह जगह स्थानीय जनता व विभिन्न संगठनों ने भव्य स्वागत व अभिनंदन किया। कांग्रेस का यह स्वागत जुलूस खटीमा मुख्य चौक से होते हुए टनकपुर रोड पारिन बैंकट हॉल सभा स्थल तक पहुंचा। जहां नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह समेत तमाम आला कांग्रेसी नेताओं ने जन समुदाय को सम्बोधित किया।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि क्षेत्र की आवाम व कार्यकर्ताओं के भव्य स्वागत व अभिनंदन से वह अविभूत हैं।

उन्हें विश्वास है कि 2022 में जनता का यह प्यार व आशीर्वाद कांग्रेस को मिलेगा। भाजपा शासन में राज्य की जनता को जो परेशानी हुई है, कांग्रेस सरकार बनने पर जनता को न्याय दिलाने का काम किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी प्रदेश भर में जनता को रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य  एवं सभी क्षेत्रों के विकास एवं न्याय दिलाने के लिए 2022 के चुनाव में मैदान में उतरेगी। उत्तराखंड की जनता 2022 में कांग्रेस को भारी मतों से जीता कर सत्ता में लेकर आएगी।
खटीमा के ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष उमेश राठौर बॉबी व नगर अध्यक्ष रवीश भटनागर के नेतृत्व में दस दिन से युवाओं की टीम की मेहनत की बदौलत सफल इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए पार्टी नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत ने जिस प्रकार खटीमा की सड़कों में भारी जनसमुदाय को उतार कर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन किया है।

इसी हौसले के दम पर काँग्रेस फिर से सत्ता में आएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के क्षेत्र में काँग्रेस की इस सफलता पर नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह सहित पूरी कांग्रेस के नेता बेहद गदगद दिखे।

  • सलीम मलिक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *