पहाड़ी नस्ल के गाय का दूध शरीर के लिए सर्वोत्तम : आर्य

जनमंच टुडे/ रामनगर।
रविवार को रामनगर में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने पहाड़ी गाय के दूध के लोकार्पण पर दूध को बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभदायक बताया। उन्होंने कहा कि उपहार में घी, दूध, पनीर आदि देने की पुराने प्रचलन को फिर से लाना होगा। रविवार को पहाड़ी गाय के दूध का शुभारंभ करते हुए कैबिनेट रेखा आर्य ने कहा कि आँचल ने पहाड़ी गाय का जो दूध बाजार में उतारा है वह पूरी तरह से आर्गेनिक और केमिकल रहित होगा। यह दूध पौष्टिक होने के साथ ही बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होगा। यह दूध जंगलों से चारा चर कर आने वाली गायों का होगा। यह आधा लीटर के पैकेट में उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि पहले जिनके घर आंगन में पशुधन होता था और जो मेहमान नवाजी दूध, घी, पनीर और मक्खन से करता था उसे अमीर माना जाता था। आर्य ने कहा कि हमें उस अमीर वर्ग को फिर से जीवित करना होगा। हमको उपहार में घी, दूध, पनीर आदि देने के प्रचलन को वापस लाना होगा। कहा कि हमारी सरकार दुग्ध सहकारी समितियों को मजबूत करने के लिए प्रयासरत है। मंत्री आर्य ने गौ पालकों से नस्ल सुधार की दिशा में कार्य करने का अनुरोध किया। उन्होंने जनता से अपनी आर्थिकी मजबूत करने के लिए मत्स्य, कृषि, दुग्ध, पशु, मौन, कुक्कट पालन करने की अपील की। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष मोहम्मद अकरम, तहसीलदार पूनम पंत, मंडल अध्यक्ष भावना भट्ट, मंडल अध्यक्ष ग्रामीण वीरेन्द्र सिंह रावत, नैनीताल दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा, उपाध्यक्ष विरेंद्र सिंह मेहरा, यूसीडीएफ सदस्य अमिता रावत, जीएम लालकुआं राजेन्द्र चौहान, पूर्व अध्यक्ष मंडी समिति गजराज बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख रामनगर रेखा रावत, ब्लॉक प्रमुख हल्द्वानी रूपा देवी, नैनीताल दुग्ध संघ संचालक राजेन्द्र प्रसाद, शेखर जोशी, भगत सिंह कुमेठिया, गीता दुमका, दीपा आर्य, इंचार्ज मार्केटिंग नैनीताल दुग्ध संघ संजय भाकुनी आदि मौजूद थे।