मजदूरों ने कहा, सरकार घर भिजवा दीजिए
देहरादून। उत्तराखण्ड में फंसे बाहरी मजदूरों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। शुक्रवार को सैकड़ों श्रमिक घंटाघर स्थित सड़क पर उतर आये और हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया। वह पुलिस प्रशासन से घर वापस भेजने की व्यवस्था करने की मांग करने लगे। पुलिस ने किसी तरह समझा बुझा कर उन्हे शांत किया और वापस भेजा।श्रमिकों का कहना है कि वह लम्बे समय से बेरोजगार है और लाकडाउन के चलते दून में फंसे हुए है। उन्होने कहा कि उनके पास जो भी पैसे थे वह अब खत्म हो चुके है और तो और अब प्रशासन भी उन्हे भोजन उपलब्ध नहीं करा पा रहा है।
शुक्रवार की सुबह सवेरे घंटाघर स्थित मुख्य डाकघर के गेट की समीप काफी संख्या में यूपी और बिहार के मजदूर एकत्र हुए। जिसके बाद उन्होने प्रशासन के खिलाफ घर जाने की मांग को लेकर हंगामा व प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होने श्रमिकों से वार्ता की। मजदूरों का कहना था कि वह अब किसी भी सूरत में दून में रूकने के पक्ष में नहीं है वह बेरोजगार है, उनके पास पैसा नहीं है। इसलिए अब प्रशासन उन्हे वापस भेजने की व्यवस्था करे। पुलिस के समझाने पर कि प्रशासन उनको वापस घर भेजने की व्यवस्थाओं में जुटा है मजदूर शांत हुए।