बच्चों का भविष्य संवारने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका : धामी

जनमंच टुडे।देहरादून। प्रधानाचार्यों और शिक्षकों के दो दिवसीय अन्तरराष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि शिक्षकों की समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि माता-पिता के बाद शिक्षकों पर बच्चों का भविष्य संवारने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। शिक्षक युग दृष्टा ऋषियों के समान हैं, जो समाज को प्रबुद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थी के लिए आत्म साक्षात्कार अत्यंत आवश्यक है, तभी प्रतिभा का सदुपयोग हो सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से विद्यार्थियों के संपूर्ण विकास की दिशा में ध्यान दिया जा रहा है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति का राज्य में सही तरीके से क्रियान्वयन हो इस उद्देश्य से दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें विशेषज्ञों द्वारा प्रधानाचार्यों एवं अध्यापकों को नई शिक्षा नीति के सफल क्रियान्वयन के लिए विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जायेगी।