आत्मनिर्भर“ भारत बनाने में कारगर साबित होगी नई शिक्षा नीति

जनमंच टुडे। डेस्क। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नई शिक्षा नीति में जो विशेष प्रावधान किए गए हैं वे “आत्मनिर्भर“ भारत के लिए नींव का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी देश के विकास के लिए शिक्षा सबसे महत्त्वपूर्ण होती है। शिक्षा से ही समाज में बदलाव लाया जा सकता है। वे आज हरियाणा के गुरूग्राम में आयोजित ‘‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 से राष्ट्र निर्माण’’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति में मातृभाषा और क्षेत्रीय भाषाओं के प्रयोग पर विशेष बल दिया गया है। यह कदम जहां एक ओर देश के सर्वांगीण विकास के लिए सहायक सिद्ध होगा वहीं देश को एकता सूत्र में पिरोने का कार्य भी करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति के बेहतर क्रियान्वयन के लिए शिक्षकों को पूरे मनोयोग से कार्य करना होगा। यह कार्य तभी पूरा होगा जब नई शिक्षा नीति पूरी तरह से देश में लागू होगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का प्रथम राज्य है जहां स्कूली और उच्च शिक्षा में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2022 को लागू किया गया है।