सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थामा

जनमंच टुडे।उत्तरकाशी। बड़कोट नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अतोल रावत अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। देहरादून में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली। उन्होंने भाजपा की सदस्यता लेने के बाद कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी में सामान्य कार्यकर्ता के तौर पर पूरे मनोयोग व निस्वार्थ भाव से कार्य करेंगे। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अतोल रावत ने अपने राजनीतिक पारी की शुरुआत अस्सी के दशक में उत्तरकाशी महाविद्यालय से छात्र संघ महासचिव के रूप में की। उसके बाद उन्होंने नगर पंचायत बड़कोट के अध्यक्ष पद का चुनाव जीतकर अपनी राजनीति को आगे बढ़ाया वे 2013 से लेकर 2017-18 तक बड़कोट नगर पंचायत व उच्चीकृत होने के बाद में नगर पालिका के अध्यक्ष पद पर रहे। कांग्रेस पार्टी में उन्होंने प्रदेश महासचिव का दायित्व भी बखूबी निभाया।अब भारतीय जनता पार्टी में शामिल होकर रावत ने एक नए राजनीतिक समीकरण को जन्म दे दिया है।