स्कूटी सीख रही महिलाएं नदी में गिरी, मौत
नैनीताल। जनपद के भीमताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत जमरानी क्षेत्र में दो महिलाओं की स्कूटी के गौला नदी में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। उनकी पहचान 24 वर्षीय नेहा जोशी पत्नी नवीन जोशी एवं मीना जोशी पत्नी सुरेश जोशी निवासी ग्राह डहरागांव, जमरानी जिला नैनीताल के रूप में हुई है। उल्लेखनीय है दोनों के पति आपस में सगे भाई और पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। नवीन जोशी अल्मोड़ा में उप निरीक्षक यानी दरोगा के पद पर और सुरेश जोशी हरिद्वार जनपद में आरक्षी यानी सिपाही के पद पर कार्यरत हैं। भीमताल के थाना प्रभारी कैलाश जोशी ने बताया कि हादसा शाम करीब साढ़े छह बजे हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं स्कूटी चलाना सीख रही थीं, तभी उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे बहती गौला में जा गिरी। हादसे में दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गयी। पुलिस ने दोनों शवों को खाई से बमुश्किल सड़क पर लाकर, पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।