सरकार सामाजिक न्याय के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही : धामी

देहरादून। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा आयोजित चिंतन शिविर में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार की ओर से विचार रखते हुए कहा कि केंद्र सरकार के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार सामाजिक न्याय के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार समाज के वंचित, निर्धन, दिव्यांग, अनुसूचित जाति, जनजाति और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित कर रही है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि “अंत्योदय” की भावना के अनुरूप अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाना ही उनकी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांग सहायता योजनाएं, वृद्धावस्था कल्याण कार्यक्रम और नारी सशक्तिकरण जैसी कई पहलों को ज़मीनी स्तर तक पहुँचाया है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय से नीतियों का लाभ तेजी से जनता तक पहुँच रहा है। मुख्यमंत्री ने मंत्रालय को राज्य की पूर्ण सहभागिता का भरोसा दिलाते हुए भविष्य में और मजबूत सहयोग की अपेक्षा जताई।