नरेश बंसल bjp के राज्यसभा प्रत्याशी घोषित

देहरादून। आखिरकार लम्बे जदोजहद और मंथन के बाद भाजपा ने राज्यसभा के लिए अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। bjp ने देर रात को नरेश बंसल को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। बंसल के नाम के आगे राजनीति के सुरमा के नाम फीके पड़ गए। राज्यसभा के लिए पूर्व सीएम विजय बहुगुणा को हैवी माना जा रहा था लेकिन नरेश बंसल ने उनको पछाड़कर टिकट हासिल कर लिया। भारतीय जनता पार्टी ने नरेश बंसल को उत्तराखंड से राज्यसभा भेजने का फैसला लिया है। उत्तराखंड की एक सीट से नरेश बंसल को पार्टी प्रत्याशी बनाया गया है। राजबब्बर की जगह लेंगे। नरेश बंसल इस वक्त प्रदेश में बीस सूत्रीय कार्यक्रम एवं क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष हैं और कैबिनेट दर्जा प्राप्त हैं। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की पृष्ठभूमि वाले नरेश बंसल पहले बैंक कर्मी रहे हैं और भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री व प्रदेश महामंत्री के अलावा कई अहम जिम्मेदारियों निभा चुके हैं। वह प्रदेश भाजपा की मौजूदा कोर कमेटी के सदस्य भी है। 2019 में लोकसभा चुनाव के वक्त तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के नैनीताल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने में व्यस्त होने के कारण नरेश बंसल को प्रदेश भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।