आप का थामा दामन

देहरादून। आम आदमी पार्टी लगातार संगठन को मजबूत करने में जुटी हुुुई है। पार्टी की विचारधारा और दिल्ली में आप के द्वारा किए कामों से प्रभावित होकर लोगों का आप से जुड़ने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी मे आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रविन्द्र आनंद ने आप में शामिल हुए लोगों को आप की सदस्यता दिलाई। देहरादून से कांग्रेस प्रदेश सचिव, अनुशासन समिति सेवा दल के विनीश कांत चहल, कांग्रेस महानगर व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मोहित भाटिया एवं भारतीय अंतोदय पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शमशाद बेग एवं अरमान बेग ने आप पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान रविन्द्र आनंद ने कहा कि, आज आम आदमी पार्टी प्रदेश में नया विकल्प बनकर तेजी से उभर रही है। इसका कारण है बीजेपी और कांग्रेस की वो नीतियां, जिन्होंने प्रदेश को गर्त में धकेल दिया है। आज 20 वर्षों के बाद भी प्रदेश की हालत खराब है। लगातार बढ रहे कर्ज के बोझ ने प्रदेश के साथ साथ जनता की कमर तोडकर रख दी है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि, कांग्रेस डूबता जहाज है ,जिसने उत्तराखंड को भी डुबाने में कोई कोर कसर नही छोडी। लेकिन अब लोगों की समझ में आ चुका है कि, डूबे जहाज पर भरोसा नहीं किया जा सकता ,इसलिए अब कांग्रेस पार्टी छोडकर लोग आप पर भरोसा जता रहे हैं । कांग्रेस छोड़ आप में शामिल मोहित भाटिया और विनीश चहल ने कहा कि कांग्रेस में पुराने कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं है और पार्टी का कोई विजन नहीं है। इसीलिए उन्होंने अब अरविंद केजरीवाल पर भरोसा जताते हुए आप पार्टी का दामन थामा है , और उन्हें उम्मीद है कि आने वाले चुनावों में आप भारी मतों से विजयी होगी और इस प्रदेश में नए विकल्प के रुप में उभर कर सरकार बनाएगी और प्रदेश को विकास के पथ पर लेे जाएगी।