लोकडाउन का उल्लंघन करना पड़ा महंगा
पौड़ी । लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर पुलिस ने एक बाइक को सीज करते हुए दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पौड़ी पुलिस सख्त बनी हुई है। कोतवाल पौड़ी लक्ष्मण सिंह कठैत ने बताया कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने को लेकर चेकिंग अभियान के दौरान दो युवक बिना अनुमति के बाइक चलाते हुए पकड़े गए। बताया कि कोरोना वायरस को देखते हुए आवश्यक वाहनों और दुपहिया वाहन में केवल एक ही व्यक्ति की अनुमति है। चेकिंग के दौरान बिना अनुमति के बाइक चलाने पर सूरज रावत निवासी श्रीनगर रोड, रजत नेगी निवासी धारा रोड के खिलाफ लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही बाइक को भी सीज किया है। उन्होंने लोगों से लॉकडाउन का पालन करने की अपील करते हुए कहा है कि लॉकडाउन के तहत निर्धारित समय में आवश्यक काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। कहा कि लॉकडाउन का पालन करने को लेकर पुलिस पूरी मेहनत के साथ काम कर रही है। उन्होंने जनता से भी लॉकडाउन का पालन करने को लेकर प्रशासन को सहयोग करने की अपील की है।
