मुख्यमंत्री समाज को प्रेरित करने वाले लोगों को किया सम्मानित

जनमंच टुडे/देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य स्थापना दिवस पर सर्वे ऑडिटोरियम में आयोजित उत्तराखण्ड महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वालों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज हित में कार्य करने वाले लोग समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने अपनी लोक संस्कृति एवं लोक कला को बढ़ावा देने वालों के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गढ़रत्न नरेन्द्र सिंह नेगी, प्रीतम भरतवाण के साथ बेडू पाको बारामासा लोकगीत गुनगुनाया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामना देते हुए कहा कि आज का दिन हम सब के लिये खास दिन है। राज्य निर्माण आन्दोलन को उन्होंने बचपन में करीब से देखा है। लाठी डंडा एवं गोली का सामना कर हमारे लोगों ने राज्य निर्माण की राह बनायी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन के अनुरूप हम राज्य के सर्वांगीण विकास के लिये प्रतिबद्ध है। वे स्वयं दिन रात प्राण, प्रण एवं सच्ची निष्ठा के साथ राज्य के विकास के लिये प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। उनका लक्ष्य प्रदेश की 1.25 करोड़ जनता की भलाई के लिये तथा राज्य के चहुंमुखी विकास के लिये कार्य करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सुदूरवर्ती क्षेत्रों तक विकास की राह प्रशस्त हो, इसके लिये केन्द्र व राज्य सरकार निरन्तर प्रयासरत है। सड़क, रेल, हवाई सेवा सहित अन्य अवस्थापना सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे राज्य हित में जो भी घोषणा कर रहे हैं, उसके साथ उनके शासनादेश भी निर्गत किये जा रहे हैं, ताकि कार्य धरातल पर दिखायी दे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने किसान शंकर सिंह भैसौड़ा, पर्वतारोही राजेन्द्र नाथ, ए.एन.एम पूनम नौटियाल, समाजसेवी अनूप नौटियाल, खिलाड़ी चिराग, कविलास नेगी आदि को सम्मानित किया।

