चलती बाइक से युवक को दबोच कर ले गया बाघ

जनमंच टुडे/ रामनगर। अल्मोड़ा से वापस लौट रहे बाइक  सवार दो युवकों पर काशीपुर-बुआखाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर  बाघ ने हमला कर दिया और बाइक के पीछे बैठे युवक को घसीटकर जंगल में ले गया। सूचना मिलने पर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व व रामनगर वन प्रभाग सहित पुलिस प्रशासन की टीम ने जंगल मे सर्च अभियान चलाया लेकिन  अंधेरा होने के कारण युवक का पता चल नहीं पाया। टीम  सर्च अभियान चला रही है। जानकारी के अनुसार अमरोहा जनपद के थाना नगली तहसील हसनपुर निवासी मो. अनस पुत्र शमीम अहमद अपने दोस्त अफसरूल पुत्र भूरा के साथ अल्मोड़ा घूमने आया था। शनिवार देर शाम को दोनों युवक अल्मोड़ा से अमरोहा जाने के लिए निकले। रात करीब साढ़े आठ बजे दोनों अल्मोड़ा जिले की सीमा पार करके  नैनीताल जिले के सीमा में दाखिल हुए। दोनों मोहान इंटर कॉलेज के निकट कालागढ़ टाइगर रिजर्व की मंदाल रेंज व रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज के बीच पहुंचे ही थे कि  इन युवकों की बाइक पर बाघ ने हमला कर दिया। बाइक मो. अनस चला रहा था जबकि अफसरूल बाइक के पीछे बैठा था। इससे पहले की बाइक सवार युवक कुछ समझ पाते, बाघ ने बाइक के पीछे बैठे अफसरूल को दबोच लिया और जबड़े में दबाकर जंगल की ओर भाग गया और ओझल हो गया।  इस दौरान बाइक चला रहा अनस भय के चलते चीखता चिल्लाता रहा। सूचना पर मौके पर पहुंची  टीमों ने सर्च अभियान चलाया लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई सफलता नहीं मिल पाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *