धामी और भट्ट की नई टीम को लेकर सुगबुगाहट

जनमंच टुडे/ देहरादून। बुधवार देर शाम को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अचानक  देहरादून से दिल्ली रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री की कैबिनेट में विस्तार के साथ ही संगठन में बदलाव एवं दायित्वधारियों को लेकर दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ ही,  प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और अजेय कुमार की भाजपा के शीर्ष नेतृत्व  के संग  बैठक होगी। कयास लगाए जा रहे हैं कि अच्छा परफॉर्मेंस न  देने वाले मंत्रियों की मंत्रिमंडल से छुट्टी हो सकती है और युवा चेहरों को मौका दिया जा सकता है। साथ ही नए प्रदेश अध्यक्ष के कमान सम्भालते ही भाजपा प्रदेश संगठन में भी बदलाव के आसार हैं। साथ ही बैठक में दायित्वधारियों को लेकर भी फैसला लिया जा सकता है। धामी कैबिनेट के विस्तार मंत्रियों के विभागों में फेरबदल , दायित्व वितरण और भाजपा संगठन में बदलाव को लेकर कवायद तेज हो गई है। देर शाम प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली रवाना हो गए। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली में अब इन सभी मुद्दों को लेकर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक होगी जिसमें प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और भाजपा के महामंत्री संगठन अजेय कुमार भी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि बैठक में पुष्कर धामी की नई टीम, महेंद्र भट्ट की नई टीम और वे भाजपा के उन नेताओं के नाम भी तय हो जाएंगे जिन्हें प्रदेश सरकार में दायित्व दिया जाना है। उत्तर प्रदेश में महामंत्री संगठन बदले जाने से प्रदेश में भी संगठन में बदलाव के कयास तेज हो गए हैं। माना जा रहा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव की चुनौती से निपटने के लिए भाजपा सरकार और संगठन दोनो को स्थिरता प्रदान करने के पक्ष में है ताकि 2024 से पहले सभी जमीन पर अपनी स्थिति मजबूत कर लें। माना जा रहा है कि 15 अगस्त तक इस बाबत सभी फैसला हो सकता। सूत्रों के मुताबिक कैबिनेट में विभागों में फेरबदल या कुछ पुरानों को हटा नए चेहरों के जगह दी जा सकती है। वहीं संगठन के पुराने चेहरों को सरकार मे दायित्व देकर संगठन में नई पीढ़ी को स्थापित करने की कोशिश हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *