तीर्थ यात्रियों के लिए सुविधाएं मुहैया कराएं : सतपाल महाराज
जनमंच टुडे। रुद्रप्रयाग। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं में लगे अधिकारियों को केदारनाथ धाम में आने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिये हैं। रुद्रप्रयाग में चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं के संबंध में यात्रा से जुड़े विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में पर्यटन मंत्री महाराज ने कहा कि यात्रियों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो और अतिथि देवो भवः के तहत तीर्थ यात्रियों का स्वागत व सत्कार किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केदारनाथ धाम में संचालित होने वाले घोड़े-खच्चरों के साथ कोई क्रूरता न हो, घोड़े-खच्चरों को निरंतर गरम पानी के साथ उनके खाद्यान्न का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग एवं केदारनाथ धाम में संचालित होने वाले होटल, रेस्टोरेंट एवं ढाबों में ओवर रेटिंग न हों, इस पर निरन्तर निगरानी रखे। पर्यटन मंत्री महाराज ने अधिकारियों को ओवर रेटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये। उन्होंने केदारनाथ धाम में संचालित हेली सेवाओं को लेकर कहा कि इसमें किसी प्रकार से कोई ब्लैकमैलिंग न हो, फर्जी कंपनी या वेबसाइट का संचालन न हो, इस पर कड़ी निगरानी रखी जाए। महाराज ने कहा कि कोई फर्जीवाड़ा करता है तो तत्काल उसके खिलाफ कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा मार्ग एवं धाम में तीर्थ यात्रियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हों। सभी चिकित्सालयों में पर्याप्त दवाइयां एवं उपकरण के साथ आपात स्थिति में एयर एंबुलेंस की व्यवस्था भी उपलब्ध रहे। उन्होंने स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए यात्रा मार्ग एवं केदारनाथ में संचालित हो रहे सभी शौचालयों में साफ-सफाई के साथ ही यात्रा मार्ग एवं धाम में उपलब्ध होने वाले ठोस अपशिष्ट का नियमित सफाई कर उचित निस्तारण करने को कहा ।
उन्होंने कहा कि सभी पेट्रोल पंपों में शौचालयों की व्यवस्था हो तथा सभी शौचालय साफ-सुधरे रहें तथा निःशुल्क टायर हवा की व्यवस्था भी उपलब्ध हो तथा पर्याप्त मात्रा में डीजल, पेट्रोल रहे। इसके साथ ही यात्रा मार्ग में संचालित होने वाले एटीएम में भी पर्याप्त कैश उपलब्ध रहे। उन्होंने केदारनाथ धाम में दर्शन करने आ रहे तीर्थ यात्रियों से धाम में धार्मिक परंपरा एवं महत्व से ही दर्शन करने की अपील की ताकि धार्मिकता बरकरार रहे।उन्होंने कहा कि यात्री किसी भी तरह से पिकनिक की दृष्टि से न आएं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केदारनाथ धाम में भारी बर्फवारी के साथ मौसम खराब हो रहा है तथा दो बार ग्लेशियर टूटने के कारण यात्रा मार्ग बार-बार बाधित हो रहा है जिसमें विषम कठिन परिस्थितियों में कार्मिकों द्वारा मार्ग को आवागमन हेतु खोला जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यात्रा को नियंत्रित किया जा रहा है और केदारनाथ धाम में उपलब्ध सुविधा एवं मौसम के अनुसार ही यात्रियों को दर्शन करने भेजा जा रहा है। उन्होंने तीर्थ यात्रियों से अपील की है कि मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार ही अपनी यात्रा का प्लान तैयार करें एवं अपने साथ पर्याप्त मात्रा में गरम कपड़े अवश्य लाएं। उन्होंने अवगत कराया है कि चारधाम यात्रा के कपाट खुलने से अब तक 3 लाख 52 हजार 87 तीर्थ यात्रियों द्वारा चारों धाम के दर्शन कर चुके हैं, जिसमें यमुनोत्री 71 हजार 846, गंगोत्री में 82 हजार 708, केदारनाथ में 1 लाख 22 हजार 996 तथा बद्रीनाथ धाम में 74 हजार 546 तीर्थ यात्रियों द्वारा दर्शन किए गए हैं।
यात्रा समीक्षा के दौरान जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा की गई तैयारियों एवं व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सभी अधिकारी विषम कठिन परिस्थितियों में बड़े मनोयोग के साथ व्यवस्थाओं को बेहतर कर रहे हैं, आगे भी व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं को भी बरकरार रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंत्री को केदारनाथ धाम यात्रा के लिए विभिन्न विभागों द्वारा की गई तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने मंत्री को आश्वस्त किया है कि उनके द्वारा यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर जो भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं संबंधित विभागों द्वारा उनका अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में जिला मुख्यालय में आयोजित बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, केदारनाथ विधायक शैला रानी रावत, जिलाध्यक्ष भाजपा महावीर सिंह पंवार, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कप्रवान, पुलिस अधीक्षक डाॅ. विशाखा अशोक भदाणे, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. एचसीएस मार्तोलिया, जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डाॅ. आशीष रावत, लोनिवि, एनएच के अधिकारी, मीडिया प्रभारी सतेंद्र बर्त्वाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
इससे पूर्व कैबिनेट मंत्री महाराज ने तीर्थ यात्रियों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही यात्रा मार्ग में स्थित जीएमवीन के विभिन्न गेस्ट हाऊस , सड़कों और पुलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ऋषिकेश, कौड़याला और श्रीनगर स्थित जीएमवीएन गेस्ट हाऊसों के अलावा राष्ट्रीय सड़क मार्ग का भी निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सिरोहबगड़ के पास 126 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन पुल का भी निरीक्षण किया।
