उद्योग लगाने वालों को दी जाएगी सहायता : मुख्यमंत्री
जनमंच टुडे। रुद्रपुर। प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए उद्योग मित्रों को हर प्रकार की सहायता दी जाएगी। सरकार राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने यह बात उधमसिंहनगर में हुई उद्योग मित्र की बैठक में कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगपतियों की समस्याओं को दूर करने के लिए सरकार औद्योगिक जगत से जुड़े लोगों से लगातार संवाद कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में रुद्रपुर में आयोजित राज्यस्तरीय उद्योग मित्र समिति की बैठक में उन्होंने कहा कि राज्य में जल्द ही इन्वेस्टर समिट का आयोजन किया जायेगा जिनके ब्रांड एम्बेसडर औद्योगिक जगत से जुड़े लोग होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बैठक में जो भी सुझाव प्राप्त हुए हैं, उन पर गंभीरता से विचार किया जायेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में औद्योगिक संस्थानों का तेजी से विकास हो, इसके लिए राज्य सरकार हर संभव सहयोग देगी। इस दौरान केन्द्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए।, ताकि पलायन पर रोक लग सके।
