कृषि के क्षेत्र में उत्तराखण्ड जल्द ऊंचाइयों को छूएगा : चौधरी
जनमंच टुडे। देहरादून। कृषि विभाग की ओर से आयोजित उत्तराखंड श्री अन्न महोत्सव के दूसरे दिन महोत्सव को सम्बोधित करते हुए केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से आज हमारा देश ‘श्री अन्न’ का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कृषि मंत्री गणेश जोशी द्वारा किए जा रहे अभिनव पहल से जल्द ही राज्य कृषि के क्षेत्र में भी ऊंचाइयों को छूएगा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री चौधरी ने लोगों से श्री अन्न को अपने नियमित भोजन, त्योहार और शादियों में श्री अन्न को शामिल करने का आहवान किया। कार्यक्रम में हरियाणा के कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल ने श्री अन्न के लाभ और महत्व पर प्रकाश डालते हुए कृषि विभाग द्वारा आयोजित श्री अन्न महोत्सव की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम के आयोजन से उत्पादक और उपभोक्ता दोनों को फायदा मिलेगा। पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना को साकार करने में जुटे हुए हैं। सांसद पोखरियाल ने कहा कि सरकार मोटे अनाज को बढ़ावा देने के साथ ही इसके उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। वही कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा ‘कि ‘श्री अन्न ‘ उत्तराखंड की परंपरागत खेती है और काश्तकार सदियों से मोटे अनाज की खेती कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोटा अनाज स्वास्थ्य की दृष्टि से बेहद ही लाभदायक है। कृषि मंत्री जोशी ने कहा कि मोटा अनाज को कभी गरीबों का खाद्यान्न माना जाता था। आज यह अमीरों की थाली में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि मोटे अनाज के प्रोत्साहन और उसके प्रचार के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार लगातार प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि स्टेट मिलेट मिशन के तहत इस वित्तीय वर्ष में 73 करोड़ रूपए के बजट का प्रावधान किया गया है। कृषि मंत्री जोशी ने केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री से मंडुवा की भांति झंगोरा, रामदाना एवं काकुनी के लिए भी खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के माध्यम से न्यूनतम समर्थन मूल्य जारी करने का अनुरोध किया। साथ ही उन्होंने खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के तहत गहत और काला भट्ट के सत्यापित बीज का प्रयोग करने की अनुमति देने का भी अनुरोध किया। इस दौरान खाद्यान्न फसल उत्पादन में बेहतर कार्य करने वाले काश्तकारों को 10 हजार रुपये की नकद राशि, स्मृति चिन्ह और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। महोत्सव में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के अंतर्गत लघु एवं सीमान्त काश्तकारों के मेधावी बच्चों को प्रोत्साहन राशि दी गई। इसके तहत पौड़ी जिले के हाईस्कूल के छात्र जतिन सिंह, 12वीं के छात्र आशीष कुमार और शुभाषी जबकि स्नातक स्तर पर भारत भूषण को दी गई। इस अवसर पर कृषि सचिव डॉ बीवीआरसी पुरुषोत्तम, निदेशक गौरी शंकर, सिद्दार्थ उमेश अग्रवाल, जोगेंद्र पुंडीर, चौधरी अजीत सिंह, सुरेंद्र राणा आदि मौजूद थे।
