बारिश व बाढ़ से निपटेगी बाढ़ चौकियां : महाराज
जनमंच टुडे। देहरादून। मानसून सीजन को लेकर सिंचाई विभाग ने बाढ़ जैसे हालातों से निपटने के लिए एक्शन प्लान तैयार किया है। मानसून अवधि में बारिश व बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सभी जनपदों में 113 बाढ़ चौकियां खोली गयी हैं। यह बात प्रदेश के सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने मानसून सीजन को लेकर आज हुई सिंचाई विभाग की बैठक में कही। उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाले नालों एवं गधेरों की साफ सफाई और निकासी के उचित प्रबंध किये गये हैं। महाराज ने पहाड़ी क्षेत्रों के साथ ही मैदानी क्षेत्रों में बाढ़ व जल भराव की स्थिति होने पर पानी की निकासी के निर्देश अधिकारियों को दिये। सिंचाई मंत्री ने अधिकारियों को प्रदेश की सभी प्रमुख नदियों के जलस्तर की निरंतर मॉनिटरिंग करने को कहा। बैठक के दौरान उन्होंने टिहरी बांध विस्थापितों के लिए केंद्र सरकार द्वारा 100 करोड रुपए देने के लिए केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री, गजेन्द्र सिंह शेखावत का आभार व्यक्त किया। महाराज ने कहा कि केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सभी जनपदों से प्रतिदिन नदियों के जलस्तर व वर्षा के आंकड़े प्राप्त कर संवेदनशील स्थानों पर निरंतर निगरानी के साथ प्राप्त आंकड़ों को राज्य आपदा प्रबंधन केंद्र व केंद्रीय जल आयोग को भी भेजने को कहा। सिंचाई मंत्री महाराज ने अधिकारियों को चेताया कि वह मानसून सीजन के दौरान फोन ओन रखे और फोन उठाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी चाहते हैं कि विभागों में सकारात्मक और मर्यादा में रहकर काम हो। यदि कोई भी अधिकारी कुछ भी गलत करता है तो हमें कठोर निर्णय लेने पडेगें।इसलिए मानसून सीजन के दौरान रात दिन निगरानी रखें। सिंचाई मंत्री ने बैठक में उपस्थित और वर्चुअल जुड़े सिंचाई अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य में उत्तराखंड सिंचाई विभाग तथा उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के नियंत्रणधीन बांध बैराज व झील की कुल भंडारण क्षमता कि नियमित मानिटरिंग होनी चाहिए। सिंचाई मंत्री ने बताया कि राज्य में केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष सिंचाई खण्ड, देहरादून परिसर में स्थापित किया गया है। जिसका दूरभाष नंबर 8218834431 है। उन्होने कहा कि प्रदेश में सभी 113 चौकियों पर आपात की स्थितियों को देखते हुए फूडपैक इत्यादि के वितरण की भी व्यवस्थायें प्रशासन सुनिश्चित की जाए। बैठक में सिंचाई सचिव हरीश चंद्र सेमवाल, संयुक्त सचिव जय लाल शर्मा, सिंचाई विभाग प्रमुख अभियंता जयपाल सिंह, लघु सिंचाई विभाग के एचओडी बृजेश कुमार तिवारी सहित सिंचाई विभाग के अनेक अधिकारी उपस्थित थे।
