मौसम विभाग का अनुमान, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में होगी भारी बारिश
जनमंच टुडे।देहरादून। प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश के चलते कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। उत्तरकाशी जिले के बड़कोट में गत रात को हुई बारिश से भारी नुकसान हुआ है। बारिश के चलते पुलिया बह गई है, इससे अधिकांश गांवों के ग्रामीणों का एक दूसरे से सम्पर्क कट गया है। मौसम विभाग ने आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। जबकि देहरादून, हरिद्वार, टिहरी और पौड़ी जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं पिथौरागढ़, बागेश्वर, उत्तरकाशी रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में रविवार को बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 24 जुलाई को प्रदेश के देहरादून पौड़ी चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उधर उत्तरकाशी के बड़कोट में देर रात हुई भारी बारिश से भारी नुकसान का अनुमान है। अतिवृष्टि के कारण बड़कोट तहसील के अंतर्गत गंगनानी में आवासीय विद्यालय के परिसर में मलबा घुस गया ।

पुरोला के छाड़ा खंड में बादल फटने से हुए भूस्खलन से कुछ घरों और दुकानों में मलबा घुस गया है। घटना की जानकारी मिलते ही देर रात प्रशासनिक टीम और एसडीआरएफ के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। उप जिलाधिकारी पुरोला देवानन्द शर्मा और उपजिलाधिकारी बड़कोट जितेंद्र कुमार ,पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर मौजूद हैं। उधर डुण्डा तहसील के धौंतरी गांव में भू-धंसाव होने से कुछ घरों में मलबा घुस गया है। छाड़ा खड्ड में बादल फटने से नगर पंचायत पुरोला के वार्ड नं 3 व 4 में कुछ भवनों, वाहनों, सडक़ आदि को क्षति पहुंची है। सुरक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी के निर्देशानुसार आज विकासखंड पुरोला के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। गंगनानी में सडक पर मलबा आने से सड़क बन्द हो गई है। यहां पर कुछ घर एवं वाहन मलबे की चपेट में आए हैं। उधर पिथौरागढ़ जिले के बंगापानी में बारिश के चलते ऊफान पर आये नाले में जाराजीबली को जोड़ने काली सड़क डेढ़ सौ मीटर सड़क बह गई है।
