अस्पताल को 16 साल बाद मिला अस्थि रोग विशेषज्ञ
जनमंच टुडे।रुद्रप्रयाग। स्वास्थ्य विभाग ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि में 16 साल बाद अस्थि रोग विशेषज्ञ की तैनाती कर दी है। डाॅ. सचिन प्रभाकर चौबे ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि में बतौर अस्थि रोग विशेषज्ञ कार्यभार ग्रहण कर लिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. एचसीएस मर्तोलिया ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में तैनात डाॅ. सचिन प्रभाकर ने गत अप्रैल माह में जनपद में अपना योगदान दिया था, जिसके उपरांत वे श्री केदारनाथ यात्रा व पीएचसी ऊखीमठ में अपनी सेवाएं दे रहे थे। बताया कि उनकी विशेषज्ञता के दृष्टिगत व्यापक जनहित में उनकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि में तैनाती की गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि में अस्थि रोग विशेषज्ञ की तैनाती होने के बाद अब केदारघाटी के वाशिंदों को जिला चिकित्सालय जाने से राहत मिलेगी। वहीं जिला चिकित्सालय में अस्थि रोग से संबंधित मरीजों का दबाव भी कम होगा।
