बारिश बनी मुसीबत,कई मार्ग अवरुद्ध
बागेश्वर। कपकोट क्षेत्र में रुक-रुक कर बारिश, वज्रपात से तीन बैलों की मौत, आठ ग्रामीण सड़कें बंद बागेश्वर जिले के कपकोट तहसील क्षेत्र में बीते दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण इलाकों में कई मार्गों पर आवाजाही बाधित हो गई है। ग्राम पंचायत तरसाल पतियासार में वज्रपात से तीन ग्रामीणों के तीन बैलों की मौत हो गई। अचानक हुए इस हादसे से गांव के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पशु पालकों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। सड़कें बंद होने से कई गांवों का संपर्क तहसील मुख्यालय से टूट गया है। लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बीमार और बुजुर्ग लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में मशीनें लगाकर बंद पड़े मार्गों को खोलने का प्रयास शुरू कर दिया है, लेकिन बारिश का दौर जारी रहने से मार्ग खोलने की गति धीमी बनी हुई है।
