राज्यपाल ने किए बद्रीनाथ के दर्शन

गोपेश्वर। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) मंगलवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे जहां उन्होंने भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर विशेष पूजा में प्रतिभाग किया। यहां उन्होंने देश और राज्य की सुख समृद्धि की कामना की। राज्यपाल ने करीब 1 घंटे का समय धाम में व्यतीत किया। राज्यपाल महोदय अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः हैलीकॉप्टर से बदरीनाथ हैलीपैड पहुंचे। यहां जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने राज्यपाल का स्वागत किया। राज्यपाल को पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जिसके बाद कार से राज्यपाल बदरीनाथ मंदिर पहुंचे।राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने जिलाधिकारी गौरव कुमार से धाम में चल रहे मास्टर प्लान के कार्यों की जानकारी ली। जिलाधिकारी द्वारा मास्टर प्लान के कार्यों से राज्यपाल महोदय को अवगत कराया गया,इस पर राज्यपाल ने सिविक एमीनिटी सेंटर, सिविक कम्युनिटी सेंटर,अराइवल प्लाजा और हॉस्पिटल बिल्डिंग की प्रगति पर संतोष जताया, और मास्टर प्लान के कार्यों की सराहना की उन्होंने कहा यहाँ जिस तरह का विकास हो रहा है वह हमें विश्व गुरु, आत्मनिर्भर भारत की ओर लें जा रहा है। इस दौरान राज्यपाल महोदय ने कार्यदायी संस्था को मास्टर प्लान के कार्यों की प्रगति की फोटो सहित डॉक्यूमेंटेशन तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही शेष नेत्र और बद्रीश झील दोनों लेक की सफाई व्यवस्था सुचारू रखने और आस्था पथ पर जितना लाइट इत्यादि का कार्य है उसे मेंनटेन रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त राज्यपाल ने चार धाम व्यवस्थाओं पर जिला प्रशासन की प्रशंसा की और यह भी कहा कि यहां पर पुलिस प्रशासन और मंदिर समिति का एक अच्छा समन्वय देखने को मिला साथ ही उन्होंने इस कार्य में लगे सभी मंदिर समिति के सदस्य,पंडा, पुरोहित, पुलिस फोर्स और प्रशासन के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को बधाई दी और पूरी यात्रा के लिए सभी को निर्देशित किया कि इसी तरह कार्य करते रहें ।राज्यपाल ने कहा कि यहां पर उन्हें बहुत ही दिव्य अनुभव हुआ है सभी के चेहरे में एक अलग ही प्रसन्नता देखने को मिल रही है जिससे कि वे अभिभूत हैं, उन्होंने सभी भारतीयों सहित विश्व के लोगों से बद्रीनाथ धाम में दर्शन लाभ प्राप्त करने की बात कही ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed