स्वरोजगार से जुड़ाव की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई
पौड़ी। स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम से संबंधित प्रकरणों एवं दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में लंबित मामलों, उपलब्ध सेवाओं, लाभार्थियों की प्रगति व आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने एससी/एसटी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण, प्राथमिकी के बाद त्वरित पुलिस कार्रवाई, नियमित प्रगति रिपोर्ट तथा विभागीय समन्वय के निर्देश दिए। गैर-सरकारी सदस्यों से प्रकरण सक्रिय रूप से उठाने को कहा गया। अवगत कराया गया कि जनपद में अधिकांश पुराने प्रकरणों का निस्तारण हो चुका है। दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की समीक्षा में स्वरोजगार से जुड़ाव की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण उपलब्ध कराने, स्वरोजगार हेतु प्रेरित करने, शिविर आयोजित करने तथा इच्छुक दिव्यांगजनों की जानकारी संकलित कर इकाई स्थापना की कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला अस्पताल में तकनीकी सेवाओं के प्रभावी संचालन, यूडीआईडी कार्ड के लिए विशेष अभियान, पर्याप्त कृत्रिम अंग उपलब्ध रखने व जिला योजना के अंतर्गत प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
साथ ही सभी दिव्यांगजनों का समग्र डेटाबेस (प्रमाणपत्र, यूडीआईडी, उपकरण, स्वरोजगार आदि) तैयार करने, दिव्यांग मतदाताओं का अद्यतन डाटा रखने तथा बहुउद्देश्यीय भवन स्थित दुकानों पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक अनूप काला, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, जिला पंचायतराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, अपर समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल, सदस्य गेंदालाल टम्टा, नरेंद्र टम्टा, अंकित घाघट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
