बिना लाइसेंस संचालित इकाइयों पर कार्रवाई करें खाद्य सुरक्षा विभाग
अल्मोड़ा। खाद्य सुरक्षा विभाग के अंतर्गत जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक कलेक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में खाद्य सुरक्षा से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में संचालित सभी खाद्य व्यवसायियों को अनिवार्य रूप से खाद्य लाइसेंस प्राप्त करना सुनिश्चित किया जाए व बिना लाइसेंस संचालित इकाइयों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों एवं वादों को समयबद्ध ढंग से दर्ज कर उनका शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण किया जाए।बैठक में खाद्य सुरक्षा मानकों को बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमित निरीक्षण के माध्यम से मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त/जिला अभिहित अधिकारी श्री अनिल मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
