सड़क हादसे में स्कूटी सवार तीन युवकों की मौत

हल्द्वानी। रुद्रपुर-हल्द्वानी मार्ग के टांडा जंगल क्षेत्र में स्कूटी और स्कॉर्पियो की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में स्कूटी सवार तीन युवकों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, जसपुर निवासी 20 वर्षीय अनिकेत, हरिद्वार निवासी 22 वर्षीय रोहन और रामपुर (यूपी) निवासी 24 वर्षीय आकाश एक कंपनी में कार्यरत थे। तीनों एक विवाह समारोह में शामिल होने हल्द्वानी आए थे। समारोह से लौटते समय उनका एक मोबाइल हल्द्वानी में ही छूट गया, जिसे लेने के लिए तीनों रात करीब 12 बजे फिर से स्कूटी से हल्द्वानी की ओर निकल पड़े। बताया जा रहा है कि संजय नगर से करीब दो किलोमीटर आगे टांडा जंगल क्षेत्र में सामने से आ रही स्कॉर्पियो कार से उनकी स्कूटी की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि स्कॉर्पियो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके एयरबैग खुल गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पंतनगर थाना पुलिस और सिडकुल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *