जन जन की सरकार जन जन के द्वार कार्यक्रम में पहुंचे कई फरियादी
अल्मोड़ा । “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत अल्मोड़ा जनपद के विकासखंड ताकुला की न्याय पंचायत ग्वालाकोट में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया।शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविर का आयोजन उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने आमजन से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं। शिविर में प्राप्त अधिकांश शिकायतें पेयजल एवं सड़क से संबंधित रहीं।आयोजन के दौरान कुल 101 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से लगभग 95 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शिविर के माध्यम से 412 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया, वहीं लाभार्थियों को योजनाओं से संबंधित विविध सामग्री का वितरण भी किया गया। इसके अतिरिक्त, 420 आवेदन विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत मौके पर ही भरवाए गए, जिससे आमजन को त्वरित सुविधा मिली। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए तथा जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम की भावना के अनुरूप संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्य किया जाए।
