फीफा विश्व कप का आगाज 11 से

नई दिल्ली। दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल महाकुंभ का इंतजार अब खत्म होने वाला है। फीफा विश्व कप 2026 का आगाज 11 जून से होने जा रहा है और इस बार टूर्नामेंट कई मायनों में ऐतिहासिक रहने वाला है। पहली बार तीन देशों की संयुक्त मेजबानी में आयोजित हो रहे विश्व कप में रिकॉर्ड 48 टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। नए फॉर्मेट, अत्याधुनिक तकनीक और रिकॉर्ड 104 मैचों के साथ यह टूर्नामेंट फुटबॉल इतिहास का सबसे भव्य संस्करण माना जा रहा है।अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में होने वाला फीफा विश्व कप 2026 फुटबॉल प्रशंसकों के लिए कई नई सौगातें लेकर आ रहा है। टूर्नामेंट में पहली बार 48 देशों की टीमें हिस्सा लेंगी, जबकि इससे पहले विश्व कप में 32 टीमों को खेलने का मौका मिलता था। टीमों की संख्या बढ़ने से दुनिया के कई नए देशों को भी वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है।

करीब ढाई साल तक चले क्वालिफिकेशन मुकाबलों के बाद सभी 48 टीमों ने विश्व कप में अपनी जगह पक्की की। प्रतियोगिता के मुकाबले 16 शहरों और 16 स्टेडियमों में आयोजित होंगे। कुल 104 मैच खेले जाएंगे, जो विश्व कप इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। फाइनल मुकाबला न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि मैक्सिको सिटी का एजटेका स्टेडियम तीसरी बार विश्व कप मैचों की मेजबानी कर इतिहास रचेगा। इस बार टूर्नामेंट का प्रारूप भी पूरी तरह बदला हुआ होगा। 48 टीमों को 12 समूहों में बांटा गया है और प्रत्येक समूह में चार-चार टीमें होंगी। ग्रुप चरण के बाद शीर्ष दो टीमों के अलावा आठ सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान वाली टीमें भी नॉकआउट चरण में पहुंचेंगी। इसके चलते पहली बार राउंड ऑफ-32 का आयोजन होगा और चैंपियन बनने वाली टीम को कुल आठ मुकाबले खेलने होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *