सैनिक कभी रिटायर नहीं होता : नबीन
हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने हल्द्वानी में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सैनिक देश के सुख, शांति और स्वतंत्रता के आधार हैं। नितिन नवीन ने कहा कि सैनिकों ने इस देश के लोगों को सुख, शांति और स्वतंत्रता के साथ जीवन दिया है । उन्होंने कहा कि सरहद पर सैनिक बिना धूप, पानी और बरसात की चिंता किए निरंतर देश की सुरक्षा के लिए मुस्तैद रहते हैं। आज अगर 1 सौ 40 करोड़ देशवासी सुख और शांति से रहते हैं, तो इसका एकमात्र कारण सैनिक है, जो सरहद पर खड़ा होकर देश को सुरक्षित रखता है। उन्होंने कहा कि सैनिकों के रिटायर होने पर ‘पूर्व सैनिक’ लिखा जाता है, लेकिन उनका जज्बा, राष्ट्रप्रेम और हमेशा जीवंत रहने वाली जवानी कभी रिटायर नहीं होती। वे हमेशा देश की सेवा में लगे रहते हैं।
उन्होंने उत्तराखण्ड के विषय मे बोलते हुए कहा कि जिस भूमि की रक्षा स्वयं देव करते हों और जो वीरों के बलिदान से पवित्र हुई हो, वहां कोई अन्याय नहीं हो सकता और गोलू देवता के आशीर्वाद से उत्तराखंड और भारत हमेशा आगे बढ़ेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कुमाऊं रेजीमेंट के ध्येय वाक्य ‘पराक्रमो विजयते’ का जिक्र करते हुए कहा कि यह हर सैनिक को ऊर्जा देने का काम करता है। इस दौरान उन्होंने 1962 के रेजांग ला में 13 कुमाऊं के मेजर शैतान सिंह और अन्य जवानों के पराक्रम को नमन करते हुए कहा कि इस देश की मिट्टी ने ऐसे वीरों को जन्म दिया है। उन्होंने सीडीएस जनरल बिपिन रावत, मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूरी को को भी श्रद्धांजलि अर्पित दी। नबीन ने कहा कि उत्तराखंड को ‘चार धाम’ के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ‘पंचम धाम’ (वीर सैनिकों की भूमि) की संज्ञा देना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मन इसी देवभूमि और वीरभूमि में बसता है और वे दिवाली-होली सैनिकों के बीच जाकर मनाते हैं। उन्होंने सीमांत गांवों को ‘अंतिम गांव’ की जगह ‘प्रथम गांव’ मानने की सोच में बदलाव की चर्चा की और 46 वर्षों से लंबित ‘वन रैंक वन पेंशन’ को 7 नवंबर 2015 को लागू करने का कार्य किया। नवीन ने कहा कि मैं राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सैनिक परिवारों की समस्याओं के समाधान और योजनाओं के लिए किए जा रहे कार्यों के लिए उनका अभिनंदन करता हूं।
उन्होंने कहा कि आज भारत रक्षा उत्पादन और निर्यात में आत्मनिर्भर हो रहा है, जहां सर्वाधिक 1.78 लाख करोड़ रुपये का रक्षा उत्पादन हुआ है और रक्षा निर्यात 38,424 करोड़ रुपये तक पहुंचा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, ‘चार धाम ऑल वेदर रोड’, दिल्ली में बने ‘राष्ट्रीय युद्ध स्मारक’ में 25,942 सैनिकों के नाम अंकित होना और देहरादून में बन रहे ‘सैन्य धाम’ व 1,845 वीर शहीदों की मूर्तियां उनके गांवों में लगाने के राज्य सरकार के फैसले सराहनीय हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सैनिक परिवार के युवाओं को तो सरहद की अनुभूति होती रहती है, क्योंकि वे उसी सैनिक परिवार में जन्मे हैं, लेकिन देश में जो युवा रहते हैं, उन्हें भी कभी-कभी सरहद पर जाकर देखना चाहिए कि हमारी सीमाओं की रक्षा करने वाला व्यक्ति किस परिस्थिति में खड़ा रहता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारतीय शिक्षा व्यवस्था में भी ‘सरहद का दर्शन’ करने की कोई योजना बने, ताकि हमारी युवा पीढ़ी सरहद पर जाकर केवल दर्शन ही नहीं, बल्कि हमारे सैनिकों की भावनाओं और सरहद के महत्व को भी समझ सके।
अमर शहीदों को नमन किया
हल्द्वानी। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर अमर शहीदों को नमन किया और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। भाजपा अध्यक्ष ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि शहीद स्मारक भावी पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति और देश सेवा की प्रेरणा देता रहेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी गढ़वाल संसद अनिल बलूनी , भाजपा प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, सांसद अजय भट्ट प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार , दीप्ति रावत भारद्वाज , तरुण बंसल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
