सिंहस्थ 2028 की तैयारी में उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण को लेकर तनाव, भारी पुलिसकर्मी तैनात, हाईकोर्ट में सुनवाई आज

उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक सड़क को 15 मीटर चौड़ा करने का काम जारी है। करीब 900 मीटर लंबे इस मार्ग पर चौड़ीकरण की जद में आ रहे 60 धार्मिक स्थलों में से अधिकांश को हटाया जा चुका है। हालांकि, शाही मस्जिद और खड़े हनुमान मंदिर के पास स्थित मजार को लेकर विरोध के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई के दौरान पथराव की स्थिति बनी, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। प्रशासन ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए क्षेत्र में करीब दो हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया। मौके पर जेसीबी और पोकलेन मशीनें भी पहुंचाई गईं।

कार्रवाई की आशंका के बीच शनिवार रात मुस्लिम समाज के लोग शाही मस्जिद परिसर और आसपास के इलाकों में जुटने लगे। इस दौरान नारेबाजी भी हुई और विरोध रविवार रात तक जारी रहा। स्थिति को देखते हुए कंठाल-गोपाल मंदिर मार्ग पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी गई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के साथ ड्रोन से निगरानी की गई।

शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को चौड़ीकरण की कार्रवाई से बचाने के लिए मुस्लिम समाज की ओर से इंदौर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। मामले में सोमवार को महत्वपूर्ण सुनवाई होनी है।

प्रशासन और नगर निगम की ओर से भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अदालत से किसी तरह की कानूनी रोक नहीं लगने की स्थिति में सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले अन्य बाधक धार्मिक स्थलों को हटाने की कार्रवाई आगे बढ़ सकती है। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed