भाजपा ने किया प्रदेश चुनाव कार्यालय एवं ‘वॉर रूम’ का शुभारंभ
देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को धार देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तराखंड के प्रदेश चुनाव कार्यालय एवं वॉर रूम का आज विधिवत शुभारंभ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ इस कार्यालय की शुरुआत की गई। इस अवसर पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और पदाधिकारियों ने आगामी चुनावों के लिए संगठनात्मक समन्वय मजबूत करने और चुनावी रणनीति को अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार नए वॉर रूम और चुनाव कार्यालय के शुरू होने से चुनावी गतिविधियों के बेहतर संचालन और संगठनात्मक कार्यों में तेजी आएगी।
इस मौके पर प्रदेश भाजपा महासचिव दीप्ती रावत ने कहा कि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के संगठनात्मक नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इस शुभारंभ को संगठन की शक्ति, कार्यकर्ताओं की एकजुटता और आगामी चुनाव में जीत के संकल्प का प्रतीक बताया। सुश्री रावत ने कहा कि भाजपा सरकार के दस वर्षों के सेवा और विकास कार्य पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि जनता के समर्थन और कार्यकर्ताओं के परिश्रम के दम पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह-प्रभारी अरविंद मेनन, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ती रावत,प्रदेश कार्यालय प्रभारी, जगमोहन सिंह रावत, पौड़ी भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्वमंत्री गणेश चन्द्रा,भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉक्टर स्वराज विद्वान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, सलोचना राणा,मुख्य रूप से शामिल हुए। इनके साथ ही प्रदेश सरकार के कई कैबिनेट मंत्री, विधायक, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
