कार्मिकों को रिफ्रेशल कोर्स देने के निर्देश
ऊखीमठ। जिलाधिकारी ने वेयर हाउस (पुराने कोषागार भवन) के डबल लॉक में रखी हुई ई वी एम, वी वी पैट मशीन का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ईवीएम व वीवीपैट मशीन डबल लॉक में सुरक्षित व सुव्यवस्थित पाई गई। पुराने कोषागार में 365 बैलट यूनिट, 365 कंट्रोल यूनिट व 379 वीवीपैट मशीन सुरक्षित रखी हुई है।
जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्मिक व पुराने कोषागार भवन में ड्यूटी कर रहे कार्मिकों को रिफ्रेशल कोर्स देने के निर्देश अपरजिलाधिकारी को दिए। कहा कि रिफ्रेशल कोर्स से कार्मिक बेहतर व सुनियोजित तरीके से कार्य कर पाएंगे। साथ ही सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को वेयर हाउस के बाहर की सभी गतिविधियों पर नजर रखने हेतु अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरा स्थापित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वेयर हाउस के सभी दरवाज़े व खिड़की सील्ड थी तथा तहसीलदार की उपस्थिति में वेयर हाउस को खोला गया व निरीक्षण के पश्चात पुनः वेयर हाउस के दरवाज़े व खिड़की को सील्ड किया गया।
इसके पश्चात जिलाधिकारी द्वारा बेलनी में निर्माणाधीन समाज कल्याण के बहुद्देश्यीय भवन का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बहुद्देश्यीय भवन का निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था आर.ई.एस को यथा शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए जिससे भवन को प्रयोग में लाया जा सके।
इस अवसर पर अपरजिलाधिकारी दीपेंद्र नेगी, तहसीलदार श्रेष्ठ गुनसोला, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एस पी डोभाल, सहायक अभियंता आरईएस आशीष बहुगुणा, समाज कल्याण अधिकारी हर्षवर्धन भट्ट सहित अन्य उपस्थित थे।
ऊखीमठ से वरिष्ठ पत्रकार, लक्ष्मण सिंह नेगी।
