जानकारी के अभाव में ग्रामीण नहीं ले पा रहे लाभ

ऊखीमठ। क्यूजा घाटी के अन्तर्गत ग्राम पंचायत अखोडी में मुख्यमंत्री त्वरित कार्यवाही कार्यक्रम के तहत मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ( प्रभारी) डा राजीव गोयल के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा गाँव का भ्रमण किया गया तथा विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर जन समस्याएं सुनीं। इस दौरान गाँव में आयोजित जनता दरबार में 10 शिकायतें दर्ज हुई जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को सम्बन्धित विभागों को प्रेषित की गयी। ग्रामीणों को जानकारी देते हुए प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा राजीव गोयल ने बताया कि प्रदेश सरकार के मंशा के अनुरूप हर गांव में मुख्यमंत्री त्वरित कार्यवाही कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों की समस्याओं को सुना जा रहा है तथा उनके निस्तारण के यथा सम्भव प्रयास किये जा रहे हैं। तहसीलदार जयबीर राम बधाणी ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा दर्जनों कल्याणकारी योजनाये संचालित की जा रही है, मगर जानकारी के अभाव में ग्रामीणों को प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है, इसलिए प्रदेश सरकार के निर्देश पर मुख्यमंत्री त्वरित कार्यवाही कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों की समस्या सुनकर उनके निस्तारण किये जा रहे हैं। प्रधान रेखा देवी ने शिकायत करते हुए कहा कि पी एम जी एस वाई के भणज – अखोडी मोटर मार्ग देखरेख के अभाव में जानलेवा बना हुआ है! बताया कि विगत दिनों विभाग द्वारा मोटर मार्ग पर बने गढढो में मिट्टी भरकर इतिश्री की गयी थी, वर्तमान समय में मिट्टी के बहने से मोटर मार्ग फिर से गढढो में तब्दील हो गया है। उन्होंने बताया कि मोटर मार्ग के ऊपरी हिस्से में निकासी नालियों का निर्माण न होने से बरसात के समय दर्जनों मकानों को खतरा बना रहता है जबकि वर्ष 2016 में बरसात से क्षतिग्रस्त पुस्तो व सुरक्षा दीवालों का निर्माण न होने से ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने पड़ रही है! कुवर सिंह नेगी ने बताया कि जंगली जानवरों द्वारा काश्तकारों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया जाता है, उन्होंने गाँव के चारों ओर घेरवाड करने की मांग की! इस मौके पर जसपाल सिंह नेगी, बच्ची राम नौटियाल, गजपाल सिंह नेगी, गोदाम्बरी देवी, सुनीता देवी, गुडडी देवी, सुलोचना देवी, गीता देवी, सुरजी देवी, सर्वेशानन्द नौटियाल, नरेन्द्र सिंह नेगी, राम सिंह नेगी, दशम सिंह नेगी, यशवन्त सिंह नेगी, नारायण सिंह नेगी, संजीव पाल, एम एस लिंगवाल, सन्दीप बेजवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी व ग्रामीण मौजूद थे।

लक्ष्मण सिंह नेगी, वरिष्ठ पत्रकार, ऊखीमठ।
