उमा भारती ने दूनागिरि मंदिर में की पूजा-अर्चना
रानीखेत । पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती आध्यात्मिक प्रवास के लिए उत्तराखंड के रानीखेत और द्वाराहाट पहुंचीं। बुधवार सुबह उमा भारती द्वाराहाट के कुकुछीना पहुंची। रानीखेत में कार्यकर्ताओं ने बुधवार तड़के उनसे मुलाकात कर उनका स्वागत किया। वहीं कुकुछीना की तरफ जाते वक्त द्वाराहाट में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी उनके मुलाकात की और उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट किए।
उमा भारती रानीखेत के सौंदर्य को देख अभिभूत नजर आईं। उन्होंने कहा कि वास्तव में देवभूमि में देवों का वास है। यहां आकर उन्हें अपार शांति मिलती है। कार्यकर्ताओं ने इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री को नगर और क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया तथा रानीखेत को नगर पालिका बनाने की मांग भी रखी। उमा भारती ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकारें अच्छा कार्य कर रहीं हैं। विकास कार्यों को आम जनता तक पहुंचाने का काम कार्यकर्ताओं का है। महिला कल्याण समेत अन्य वर्गों के लिए सरकार ने तमाम योजनाएं चलाईं हैं। कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ हैं। उन्हीं की बदौलत भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है।
