भाजपा प्रदेश नेतृत्व में भी बदलाव, मदन कौशिक बने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष

देहरादून। सरकार में नेतृत्व परिवर्तन के बाद प्रदेश भाजपा नेतृत्व में भी बदलाव कर दिया गया है। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने त्रिवेंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री और प्रवक्ता का दायित्व निभाने वाले हरिद्वार से विधायक मदन कौशिक को प्रदेश भाजपा की कमान सौंपी है। कौशिक के गुरुवार को दिल्ली दौरे और वहां केंद्रीय नेताओं से मुलाकात के बाद शुक्रवार सुबह उनकी नियुक्ति कर दी गई। वह निवर्तमान अध्यक्ष बंशीधर भगत का स्थान लेंगे।
भाजपा हाईकमान ने प्रदेश सरकार के बाद पार्टी के प्रांतीय नेतृत्व में भी परिवर्तन कर फिर से चैंकाया है। पहले यह माना जा रहा था कि गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री की कुर्सी सौंपने के बाद राज्य में पार्टी संगठन को यथावत रखा जाएगा, लेकिन अब हाईकमान ने इसमें भी नेतृत्व परिवर्तन कर दिया है। राज्य गठन के बाद से लगातार चैथी बार हरिद्वार का प्रतिनिधित्व कर रहे विधायक मदन कौशिक को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह पूर्व में सरकार के साथ ही संगठन में विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। एक रोज पहले ही पूर्व कैबिनेट मंत्री कौशिक ने अचानक दिल्ली पहुंचकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम समेत अन्य केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *