एकजुट होकर हमें राज्य को प्रगति के पथ पर ले जाना है

देेेहरादून। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने गढ़वाल मंडल विकास निगम के 45 वें स्थापना दिवस समारोह में वर्चुअल प्रतिभाग करते हुए कहा कि जीएमवीएन की परिसम्पत्तियों में सुधार के लिए 2 करोड़ रूपए की धनराशि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि साहसिक खेलों के प्रोत्साहन के लिए निगम को ट्रैकिंग, पर्वतारोहण, रिवर राफ्टिंग, पैरा ग्लाईडिंग आदि गतिविधियों के संचालन और एक पेशेवर संस्था के रूप में विकसित करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन और होटल गतिविधियों में निगम के कार्मिकों के ज्ञान में वृद्धि करने के लिए मध्यावधि प्रशिक्षण कार्यक्रम करवाने में सहायता दी जाएगी। निगम की व्यावसायिक गतिविधियों में वित्तीय लेनदेन को पूर्णतः डिजीटल करने के लिए प्रभावी ऑनलाईन बुकिंग सिस्टम विकसित करने, डिजीटल ट्रांजेक्शन का अधिकतम प्रयोग करने, सीसीटीवी द्वारा अग्रिम निगरानी प्रणाली अपनाने, डिजीटल लॉक्स आदि आधुनिक होटल व्यवसाय के नवाचारों को अपनाने के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति ने हमें बहुत कुछ दिया है, जरूरत है इसे संवारने की। हमें एकजुट होकर राज्य को आगे ले जाना है। इसके लिए मन से काम करना जरूरी है। प्रोफेशनल एप्रोच अपनाते हुए मन से काम किए जाने की जरूरत है। तीर्थाटन, साहसिक पर्यटन, संस्कृति के क्षेत्र में बहुत कुछ किया जा सकता है। राज्य में आने वाले पर्यटकों को ऐसी सेवाएं मिलें कि वे यहां से अपने साथ अच्छा अनुभव और यादें लेकर जाएं। पर्यटक यहां के पर्यटन स्थलों, खानपान आदि का भी आनंद लें और उत्तराखण्ड की समृद्ध संस्कृति से भी परिचित हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *