देवभूमि में ब्लैक फंगस की दस्तक, एक की मौत, 12 संक्रमित
जनमंच टुडे/देहरादून।
एक बला टली नहीं कि दूसरी सिर पे आ गई। कोरोना महामारी के बीच अब देवभूमि में ब्लैक फंगस ने दस्तक दे दी है। ब्लैक फंगस के चलते एम्स में भर्ती एक मरीज़ की इलाज के दौरान मौत हो गई है। उत्तराखंड में भी ब्लैक फंगस का खतरा बढ़ने लगा है। एम्स में उत्तराखंड के 12 और यूपी के पांच कोरोना मरीजों में ब्लैक फंगस का संक्रमण मिला है। हरिद्वार के पांच लोग इसकी चपेट में हैं, एम्स के विशेषज्ञों की टीम ने ब्लैक फंगस से पीड़ित 11 संक्रमितों की आंखों की सर्जरी कर दी है। एम्स में ब्लैक फंगस से जिस युवक की मौत हुई है, वह कोरोना संक्रमित था और कुछ दिन पहले ही देहरादून से रेफर कर उसे एम्स में भर्ती कराया गया था। जांच के दौरान युवक में ब्लैक फंगस के संक्रमण की पुष्टि हुई थी। देहरादून निवासी 32 वर्षीय इस युवक की ब्लैक फंगस से शुक्रवार दोपहर को ही मौत हो गई थी, लेकिन इसकी जानकारी रविवार को सामने आई। इस दौरान ब्लैक फंगस के संदिग्ध लक्षणों के चलते कई अन्य मरीजों की जांच भी की गई। जिसमें 16 और मरीज ब्लैक फंगस से संक्रमित पाए गए। इनमें 12 मरीज उत्तराखंड के हैं, जिनमें हरिद्वार में पांच, देहरादून के चार, काशीपुर का एक, उधमसिंहनगर का एक और अल्मोड़ा का एक मरीज है। वही सरकार ने ब्लैक फंगस को लेकर एडवाइजरी जारी कर दी है।




