पूर्व विधायक मरीज़ों से मिले, मेडिकल स्टाफ की तारीफ की

टनकपुर।   पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने सोमवार को स्थानीय संयुक्त चिकित्सालय पहुंच कर कोविड केयर सेंटर का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने व्यवस्थाओं को लेकर सीएमएस डा.एचएस ह्ययांकी से विचार विमर्श किया। निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक ने मरीजों के उपचार के लिए लगाए गए ऑक्सीजन बेड समेत अन्य उपकरणों का जायजा लिया।  उन्होंने कोरोना ड्यूटी में लगे सभी चिकित्सकों की विषम परिस्थितियों में दी गई सेवाओं की प्रशंसा की । खर्कवाल ने सरकार पर तंज कसते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में घोर उपेक्षा का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जहां पर साढ़े चार वर्ष पूर्व विकास कार्यों को छोड़ गई थी वह जस की तस स्थिति  हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधि की उदासीनता के चलते आज संयुक्त अस्पताल में रखे वेंटिलेटर धूल फांक रहे हैं। मरीजों को हायर सेंटर रेफर करना चिकित्सकों की मजबूरी हो गया है। उन्होंने सत्ता पक्ष को जमकर लताड़ लगाते हुए कहा कि जहां एक और आपदा मानव जीवन के लिए खासी संघर्षपूर्ण बनी हुई है वहीं दूसरी ओर सत्ता पक्ष के लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। यहां सीएमएस डा. एचएस ह्यांकी,डा.आफताब अंसारी के साथ ही कांग्रेस नगर अध्यक्ष अनिल चौधरी पिंकी आदि थे।

  •  दिनेश खर्कवाल, वरिष्ठ पत्रकार टनकपुर।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *