खर्कवाल बोले, एक्स-रे टेक्निशियन की नियुक्ति करिये, वेतन मैं दूंगा
जनमंच टुडे/ टनकपुर।
पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे इस दौरान उन्होंने कोविड केयर सेंटर का निरीक्षण किया और सेंटर में भर्ती मरीजों की कुशलक्षेम पूछी और व्यवस्थाओं को लेकर सीएमएस से विचार विमर्श किया। वह समस्त मेडिकल स्टाफ से मिले और उनके कार्यों की जमकर प्रसंशा की। खर्कवाल ने कहा कि इस महामारी में मेडिकल का हर व्यक्ति अपना सुख चैन को त्यागकर तनमन से मरीज़ों की सेवा में जुटे हुए हैं, जो कि काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि कोरोना ड्यूटी में लगे सभी चिकित्सक व मेडिकल स्टाफ विषम परिस्थितियों में सेवा देे रहे हैं । उन्होंने मरीजों से कहा कि उनसे जो भी बन पड़ता है, वह उनकी मद्दत करेंगे। कुछ लोगों ने खर्कवाल को बताया कि दवा अस्पताल में उपलब्ध न होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उनकी माली हालत इतनी मजबूत नहीं है कि वह बाहर से दवा खरीद सके। इस पर खर्कवाल ने गरीब व असहाय मरीजों को बाहर से क्रय की जाने वाली आवश्यक दवाओं को खरीदने के लिए हर सम्भव मदद का भरोसा दिया है। कुछ लोगों ने बताया कि उन्हें महंगे रेट पर बाहर से एक्सरे करवाने पड़ रहे है। इस पर उन्होंने सीएमएस से वार्ता की तो तकनीशियन का पद लम्बे समय से खाली होने की जानकारी दी गई। इस पर लम्बे समय से रिक्त चल रहे एक्स-रे टेक्निशियन के पद पर नियुक्ति न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने सीएमओ चम्पावत से दूरभाष पर वार्ता कर तत्काल उक्त पद पर टेक्निशियन की तैनाती करने को कहा। उन्होंने सीएमएस अपने विवेक पर हाल फिलहाल तीन माह तक एक निश्चित मानदेय पर एक्स-रे टेक्निशियन नियुक्त करने को कहा उन्होंने कहा कि तकनीशियन का मानदेय वह वहन करने को तैयार है। उन्होंने ने कहा कि कोरोना संक्रमण के चलते लोग परेशान हैं, और अपने एक्सरे नहीं करवा पा रहे हैं, इस समय लोगों को मेडिकल फेसेलिटी की बहुत जरूरत है।
टनकपुर से वरिष्ठ पत्रकार दिनेश खर्कवाल।

