लोगों के निरोग काया के लिये मैदान में उतारा आयुष रक्षा किट रथ
जनमंच टुडे/ नैनबाग, नई टिहरी।
नरेंद्रनगर विस् क्षेत्र के विधायक व काबिना मंत्री सुबोध उनियाल ने आयुष रक्षा किट रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जनपद में कोरोना संक्रमित रोगियों के बचाव व लोगों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए किट जनता को वितरित करेगा। टिहरी जनपद में कोरोना वाॅरियर्स एवं कोविड-19 से संक्रमित रोगियों के बचाव व रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए आयुष रथ के माध्यम से आयुष रक्षा किट का वितरण किया जाएगा। इसके तहत नरेंद्रनगर में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने आयुष रथ को हरी झंडी दिखाकर अभियान के लिए रवाना किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को जन-जागरण एवं प्रचार प्रसार के माध्यम से लोगों में व्याप्त कोरोना के भय को दूर करने के निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि आयुष रक्षा किट में काढ़ा, अश्वगंधा एवं गिलोय की वटी है। उन्होंने कहा कि रथ के माध्यम से पूरे टिहरी जनपद में इन आयुष किटों का वितरण आरोग्य केंद्रों के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए जनपद एवं प्रत्येक ब्लाॅक स्तर पर प्रभारी नियुक्त कर दिये गए हैं। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी रमेश नौटियाल ने बताया कि विभाग के हेल्प डेस्क की सहायता से होम आइसोलेट रोगियों को प्रतिदिन टेली कंस्लटेशन के माध्यम से सलाह एवं उपचार दिया जा रहा है। इस दौरान आयुष रथ के नोडल अधिकारी डाॅ आनंद श्रीवास्तव, हौम्योपैथी अधिकारी डाॅ विरेंद्र रावत, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रेखा राणा, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्रनगर राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, नोडल आयुष हेल्प डेस्क डाॅ मीनाक्षी, चीफ फार्मसिस्ट दिनेश चंद्र सती, बृजमोहन कुड़ियाल, श्री विनोद गंगोटी, गंगा प्रसाद डोभाल आदि उपस्थित थे।
- नैनबाग से शिवांश कुंवर।

