हर वार्डों में लगाए जाए वैक्सीन शिविर
जनमंच टुडे/ देहरादून।
सीएमओ कार्यालय के सहयोग से राजपुर विधानसभा पार्षद अर्जुन सोनकर ने वार्ड 17 में कैंप का आयोजन किया । कार्यक्रम में 45 वर्ष से अधिक आयु के क्षेत्रवासियों को कोरोना का पहला टीकाकरण लगवाया गया । इस अवसर पर अनुसूचित विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि हमने पहले भी बहुत बार स्वास्थ्य सचिव व सी.एम.ओ से यह मांग की है कि 45 वर्ष से अधिक आयु वाले कई लोगों को अभी तक वैक्सीन नहीं लगी है और वैक्सीन की कमी होने के कारण लोगों मे चिंता बनी हुई है। पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि वार्डों में वैक्सीन के कैम्प लगाए जाए जिससे जनता को परेशानियों का सामना न करना पड़े और साथ ही जो कोरोना पीड़ित लोगों को दवाइयां दी जा रही है, उन्हें उन दवाइयों के बारे में पूर्ण जानकारी दी जाए। पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि 18 से 45 की आयु वाले लोगों को भी सही प्रकार से वैक्सीन लगायी जाए, वैक्सीन बहुत ही अधिक दरों पर लगाई जा रहीं हैं जो कि बहुत ही गलत है या तो वैक्सीन को पूर्णता निशुल्क किया जाए या फिर न्यूनतम दर पर वैक्सीन लगायी जाए तथा l इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा ने कहा कि देश कोरोना की महामारी के संकट से जूझ रहा है, ऐसे में वैक्सीन लगाने की गति को तेज करने की आवश्यकता है और सरकार को जल्द ही वैक्सीन की कमी को पूर्ण करना चाहिए। इस अवसर पर व्यापार मंडल महानगर अध्यक्ष सुनील कुमार बांगा , नीरज नेगी, दीपा चौहान, आशीष रतूड़ी,विजय रातूडी, विकास नेगी कैलाश अग्रवाल, रवि कुमार, शशि पंकज गुसाईं, व अन्य क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
