हाथी के हमले में बुजुर्ग की मौत
जनमंच टुडे/कोटद्वार/ सतपुली।
लैंसडौन वन प्रभाग की कोटद्वार रेंज के सिगड्डी के जंगल में हाथी ने हमला कर बुजुर्ग को मार डाला। जानकारी के अनुसार जयदेवपुर सिगड्डी निवासी शिवदत्त जोशी (74) पुत्र माधवानन्द जोशी मंगलवार सुबह अपनी पत्नी लीला देवी सहित शारदा देवी, दीपा देवी के साथ कोटद्वार रेंज कक्ष संख्या 20 सिगड्डी के जंगल में चारा-पत्ती लेने गये थे। इसी दौरान 7 और 8 बजे के बीच हाथी ने शिवदत्त जोशी पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिलाओं के शोर मचाने पर हाथी वहां से चला गया। सूचना पर लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना लोगों ने वन विभाग को दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे वन कर्मी ने गंभीर रूप से घायल शिवदत्त जोशी को राजकीय बेस अस्पताल कोटद्वार लेकर आये। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डीएफओ ने जनता से सावधानी बरतने और जंगल में न जाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी जंगल में पाया जाता है तो उसके खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेला भेजा जाएगा। साथ ही जुर्माना लगाया जाएगा।
