करंट से दादा, पोते की मौत

जनमंच टुडे/ नई टिहरी।

टिहरी जिले के जौनपुर क्षेत्र के अलमस गांव में ऊर्जा निगम की लापरवाही ने दो की जान ले ली। इससे लोगोंं में भारी आक्रोश बना हुआ है। जानकारी के अनुसार जौनपुर क्षेत्र के अलमस गांव में झूलती 11 केवी की बिजली की लाइन की चपेट में आने से दादा और पोते की मौत हो गई। ग्राम अलमस निवासी कुंवर सिंह (62) अपने पोते गिरीश(22) के साथ शुक्रवार शाम को खेत से लौट रहे थे।इसी दौरान अचानक गिरीश का हाथ झूल रही 11 केवी की बिजली के तार से टकरा गई  और वह करेंट की चपेट में आ गए। अपने पोते की चीख सुनकर पीछे से आ रहे दादा उसकी मद्दत को पहुँचे और उसे करंट से छुड़ाने के प्रयास किया, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए। करन्ट लगने से उनकी भी मौत हो गई। दादा, पोते की मौत से गांव में मातम छा गया। ग्रामीणों ने दोनों की मौत के लिए ऊर्जा निगम को दोषी ठहराया है। ग्रामीणों ने कहा कि कई बार झूलते तारों को सही कराने की मांग की थी, लेकिन सम्बंधित विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। ऊर्जा निगम की लापरवाही के चलते आज दो लोगों को जान गंवानी पड़ी। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सूचना मिलने के बाद स्थानीय विधायक महावीर रांगड़, बिजली विभाग के अधिकारी, पुलिस प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचे।  नाराज क्षेत्रवासियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के साथ ही मृतकों के आश्रितों को मुआवजा देने की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *