पोखड़ा में गुलदार के हमले में महिला की मौत
जनमंच टुडे/ सतपुली।
पौड़ी गढ़वाल जनपद के पोखड़ा ब्लाक के ग्राम डबरा में खेत मे काम कर रही महिला को मार डाला। ग्रामीणों में गुलदार की धमक से भय बना हुआ है। ग्रामीणों ने गुलदार को पकड़ने के लिए पिजरा लगाने के साथ ही ग्रामीणों को गुलदार के भय से निजात दिलाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार पौड़ी जनपद के चौबट्टाखाल तहसील के पोखड़ा ब्लॉक के ग्राम डबरा( मझगांव) में 55 वर्षीय गोदम्बरी देवी पत्नी ललित प्रसाद सुन्द्रियाल दिन में लगभग 11 बजकर 30 मिनट पर अपने खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान झाड़ियों में दुबके गुलदार ने महिला पर हमला कर दिया। आसपास के लोगों से शोर शराबा किया,और महिला को छुड़ाने का प्रयास किया लेकिन गुलदार ने महिला को नहीं छोड़ा और घसीट कर झाड़ियों में ले गया। महिला की हमले में मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने गुलदार पर पत्थरों की बौछार शुरू कर दी तो गुलदार महिला को छोड़ कर चला गया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। उपजिलाधिकारी चौबट्टाखाल संदीप कुमार ने बताया कि सूचना पर राजस्व विभाग व वन विभाग की टीम को घटना स्थल पर भेज दिया है।
- सतपुली, से पुष्पेंद्र राणा और
- जगदम्बा डंगवाल की रिपोर्ट
