चौबट्टाखाल,पैठाणी में बनेंगे टैक्सी स्टैण्ड
जनमंच टुडे/ देहरादून।
कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत ने श्रीनगर बाजार में प्रस्तावित बस अड्डे एवं पार्किंग के शीघ्र निर्माण करने निर्देश अधिकारियों को दिए। कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत ने बृहस्पतिवार को विधानसभा स्थिति सभागार में श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र की परिवहन विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक ली। बैठक में रावत ने कहा कि श्रीनगर चारधाम यात्रा का प्रमुख पड़ाव होने के साथ ही गढ़वाल मंडल का केन्द्र बिन्दु भी है। जहां प्रतिदिन हजारों वाहन आवाजाही करते हैं। उन्होंने कहा कि श्रीनगर में बस अड्डा व पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण चारधाम यात्रियों के साथ ही स्थानीय लोगों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। जिसको मध्यनजर रखते हुए श्रीनगर में अत्याधुनिक बस अड्डा एवं पार्किंग का निर्माण प्रस्तावित है। इसके निर्माण के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये गये हैं। डॉ रावत ने कहा कि चौबट्टाखाल और पैठाणी में वाहन स्टैंड न होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों की मांग पर टैक्सी स्टैण्ड निर्माण करने के लिए अधिकारियों को जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं। गहन सिंह ने कहा कि निर्माण कार्यों के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जायेगी। बैठक में प्रभारी सचिव आवास सुरेंद्र नारायण पाण्डेय, अपर सचिव परिवहन डा. आनंद श्रीवास्तव, प्रबंध निदेशक उत्तराखंड परिवहन निगम अभिषेक रूहेला, महाप्रबंधक परिवहन हर गिरी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
