कोरोना से बचने के लिए टेस्टिंग व टीकाकरण बेहद जरूरी : मुख्यमंत्री
जनमंच टुडे/ देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासन के उच्चाधिकारियों एवं जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोविड- 19 से बचाव के लिये की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
उन्होंने सभी जिलाधिकारियों से जनपदवार व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने जनपदों के अस्पतालों में ऑक्सीजन, ऑक्सीजन बेड, आईसीयू बेड व बच्चों के लिये पृथक से ऑक्सीजन व आईसीयू बेडों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। सभी जिलाधिकारी 31 जुलाई तक इससे सम्बन्धित व्यवस्थायें सुनिश्चित करायें। उन्होंने कहा कि जहां भी इसके लिये चिकित्सकों अथवा अपेक्षित धनराशि की जरूरत होगी उसकी व्यवस्था की जायेगी।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि कोविड से बचाव में टेस्टिंग व टीकाकरण दोनो ही बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कोरोना की संभावित तीसरी लहर के दृष्टिगत सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये हैं। पिछले कुछ समय में कोविड संक्रमण के मामलों में कमी आई है, परंतु अभी भी पूरी सावधानी व सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी जिला अस्पतालों, सीएससी, पीएससी में पर्याप्त ऑक्सीजन, आक्सीजन बेड, आईसीयू, वेंटिलेटर तथा बच्चों के अलग से वार्ड बनाये जाने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में एमएच हास्पिटलों में कोविड से सम्बन्धित उपचार के लिये अतिरिक्त बेडों की व्यवस्था तथा वैक्सीन की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता के लिये वे रक्षा मंत्री एवं गृह मंत्री से भी बात करेंगे।
