बरसाती गदेरे ने छीन ली युवक की जिंदगी
जनमंच टुडे/ अल्मोड़ा।
बुधवार सुबह चौखुटिया तहसील मुख्यालय में ड्यूटी से प्रातः घर लौट रहा होमगार्ड नागाड गधेरे में स्कूटी समेत बह गया। घटनास्थल से कुछ दूरी पर गधरे के उफान में फंसी स्कूटी देखकर हादसे का अंदेशा लगाया गया। सूचना पर पुलिस,युवक के परिजन युवक की खोज में लग गए । समाचार लिखे जाने तक लापता युवक का पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार नागाड क्षेत्र के सोनगांव निवासी युवक राकेश किरौला(28) पुत्र मोहन सिंह किरौला तहसील में होमगार्ड के पद पर तैनात था। रात्रि ड्यूटी करने के बाद प्रातः लगभग 5 बजे के आसपास वह स्कूटी से घर वापस लौट रहा था। जब वह तहसील मुख्यालय से लगभग आधे किलोमीटर की दूरी पर अपुण बाजार के पास पहुँचा तो भारी बारिश के चलते उफान पर आए नागाड़ नाले में उसकी स्कूटी रपट कर बह गयी। आसपास के ग्रामीणों ने नाले में कुछ दूरी पर स्कूटी फंसी देखी तो लोगों को कुछ अनहोनी का अंदेशा हुआ तो लोगों ने स्कूटी सवार की खोज की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। हादसे की खबर थाना, तहसील तथा आसपास में दी गई। आशंका जताई जा रही है कि युवक गधेरे के बहाव में बह गया है। फिलहाल रामगंगा नदी में ढूढ-खोज की जा रही है। नागाड गधेरा जौरासी मोटर मार्ग में सड़क के ऊपर बहता है। बरसात में यह विकराल रूप ले लेता है। सड़क से कुछ ही दूरी आगे जाकर यह गधेरा रामगंगा नदी में मिल जाता है। बरसात के दौरान अनेक बार घंटों यहां पर वाहनों व राहगीरों को पानी कम होने का इंतजार करना पड़ता है।
इस मामले में थानाध्यक्ष अशोक कांडपाल ने बताया कि रिश्तेदारों के साथ स्वयं व पुलिस टीम लापता होमगार्ड राकेश की ढूंढ खोज कर रही है। रामगंगा नदी के किनारों में भिकियासैंण तक ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन रामगंगा नदी में जलस्तर अधिक होने के कारण परेशानी हो रही है। जिसके बाद जिला मुख्यालय से एसडीआरएफ की टीम भी लापता होमगार्ड की ढूंढ खोज के लिए चौखुटिया पहुंचने वाली है।
- सलीम मलिक
