हम राज्य में सशक्त भू कानून लाएंगे : ऐरी
जनमंच टुडे/ हल्द्वानी।
उत्तराखण्ड क्रांति दल के अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने कहा कि आगामी विस् चुनाव में दल सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि जनता ने उक्रांद को आशीर्वाद दिया तो प्रदेश में सशक्त भू कानून लाया जाएगा, साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य की प्रगति की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दल राज्य आंदोलन की भावना एवं शहीदों के सपनों को साकार करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को एक संपन्न राज्य बनाने के लिए जनता को अपना आशीर्वाद उक्रांद को देना होगा। बुधवार को मुखानी कार्यालय में मीडिया के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि बीस साल में उत्तराखंड की स्थिति खराब हुई है, इसके लिए कांग्रेस और भाजपा जिम्मेदार है। यह दोनों पार्टियां राज्य का नहीं बल्कि केंद्रीय नेतृत्व का पोषण करने में लगी हैं। आज भी राज्य की बुनियादी और आर्थिक समस्या जस की तस बनी हुई हैं। इससे पहले जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्र भट्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ऐरी का जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर कई लोगों ने उक्रांद की सदस्यता भी ग्रहण की। इस मौके पर पूर्व विधायक डा. नारायण सिंह जंतवाल, पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, सुशील उनियाल, खड़क सिंह बगडवाल, चंद्रशेखर, रवि बाल्मीकि, भुवन जोशी, राकेश भट्ट, काजल रावत, कंचन जोशी, भावना मेहरा, तेज सिंह कार्की, एनडी तिवारी, गर्वित जोशी, अनिल फुलेरा, प्रकाश पांडेय, हिमांशु शर्मा, दीवान सिंह, मतवार सिंह रावत समेत कई लोग मौजूद रहे।
