हाथी के हमले में किशोर की मौत
जनमंच टुडे/ऋषिकेश।
शुक्रवार देर रात को बड़कोट रेंज के जंगल मे हाथी ने एक बालक को कुचल दिया। घटना में बालक की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए हाथी को वन विभाग एवं अन्य लोगों ने बामुश्किल जंगल के अंदर खदेड़ा। जानकारी के अनुसार देहरादून वन प्रभाग के बड़कोट रेंज के अंतर्गत घमंडपुर गांव में जंगल के पास हाथी ने एक वन गुर्जर के 15 साल के किशोर की जान ले ली। शुक्रवार रात जंगल से एक हाथी नदी किनारे आ गया। वन गुर्जर मूसा का पुत्र इस्लामु (15 ) अपने डेरे से नदी की ओर गया था। रेंज की जाखन बीट के अंतर्गत नदी से करीब 100 मीटर की दूरी पर अचानक एक हाथी जंगल से निकलकर नदी के पास आ गया। इससे पहले की किशोर कुछ समझ पाता हाथी ने उसे अपनी सूंड में लपेट लिया और जमीन पर पटक दिया। इस दौरान उसके साथ गए दूसरे किशोर ने इस नजारे को देखा तो वह डर के मारे डेरे की तरफ दौड़ पड़ा और घटना की डेरे में सूचना दी। उसके बाद वन गुर्जर मौके की और दौड़ पड़े, उस दौरान हाथी वहीं था। उन्होंने वन विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा अधिक होने के कारण हाथी को भगाने के लिए वन विभाग की टीम ने पटाखे फोड़े और लाइट की व्यवस्था की जिसके बाद हाथी घने जंगल में चला गया।उसके बाद वन विभाग ने किशोर के शव को कब्जे में लिया गया।
