मेरी टीम के सराहनीय कार्यो का प्रतिफल है मेडल : पैथवाल
जनमंच टुडे/ सतपुली।
स्वतन्त्रता दिवस पर बेहतर कार्य के लिए पुलिस कर्मियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक और विशिष्ट कार्यो के लिये उत्कृष्ट व सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस बार राज्य पुलिस कर्मियों को कोविड-19 के दौरान बेहतरीन समाजसेवा व कार्य करने पर भी सम्मानित किया गया है। सतपुली के थाना अध्यक्ष समेत इस बार जनपद पौड़ी के नौ अधिकारी/कर्मचारियों को उनके सेवा एवम उत्कृष्ट कार्यों के लिये सम्मानित किया गया । इसी के तहत सतपुली के थानाध्यक्ष सन्तोष पैथवाल को उनके विशिष्ट कार्यों के लिए उत्कृष्ट सेवा सम्मान पदक से सम्मानित किया गया है। थानाध्यक्ष सतपुली ने कोरोना की पहली लहर में थलीसैंण क्षेत्र के दुर्गम क्षेत्रों में बुजुर्गों को मीलों पैदल चलकर राशन वितरित किया। उन्होंने कोरोना कर्फ्यू के दौरान आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति कर रहे ट्रक चालकों के लिए पुलिस मेस में भोजन पैकेट बना कर उन्हें वितरित किया। कोविड से हुई मौत के बाद मृतक का दाह संस्कार कराया।दुर्गम क्षेत्र में रहने वालों तक दवा और आवश्यक वस्तुओं को पहुंचाया।

उन्होंने मिजोरम राज्य के वर्मा बॉर्डर के पास से 20 लाख की ठगी करने वाले आरोपितों को गिरफ्तार कर लाने समेत कई अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में उन्होंने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। थानाध्यक्ष सतपुली संतोष पैथवाल ने बताया की उन्हें पुलिस जैसे कर्तव्यनिष्ठ एवं अनुशासित बल में कार्य करने पर गर्व है। उन्होंने कहा की यह मेडल उनकी पुलिस टीम द्वारा समाज के लिये किये गए सराहनीय कार्यो का प्रतिफल है, जिस पर उन्होंने अपने साथी पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने कहा की वह आगे भी अपनी जिम्मेदारी के साथ ही सामाजिक कार्य करते रहेंगे। पैथवाल के साथ ही जनपद पौड़ी के संतोष कुंवर प्रभारी कोतवाली लैंसडाउन,यातायात निरीक्षक शिव कुमार कोटद्वार, उपनिरीक्षक दीपक तिवारी, सूरत शर्मा कृपाल सिंह, अनिल कुमार, कुलदीप सिंह और हरीश लाल कोटद्वार को सम्मानित किया गया।
